आरटीओ की ऑनलाइन सेवाएं ठप, 16 हजार आवेदन लंबित
कानपुर। परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाएं बाधित होने से कानपुर मंडल के पांच जिलों में 16,009 आवेदन लंबित पड़े हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले नए वाहनों के स्थायी पंजीकरण और आरसी जारी होने से जुड़े हैं। नई गाड़ी खरीदने के बाद भी वाहन स्वामियों को आरसी नंबर के लिए कई सप्ताह इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उन्हें आरटीओ कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं
वाहन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन एक सप्ताह से अधिक समय तक लंबित रहने पर उप परिवहन आयुक्त ने सभी एआरटीओ प्रशासन को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार, कानपुर नगर में सबसे अधिक 5,681 आवेदन लंबित हैं। इसके बाद इटावा में 4,005, कन्नौज में 2,884, औरैया में 1,982 और कानपुर देहात में 1,457 आवेदन लंबित हैं।
नए वाहनों के पंजीकरण के मामले अधिक
लंबित आवेदनों में बड़ी संख्या नए वाहनों के स्थायी पंजीकरण की है। कानपुर नगर में 3,600 से अधिक नए वाहनों के पंजीकरण लंबित हैं। इटावा में 3,550, कन्नौज में 2,525, औरैया में 1,746 और कानपुर देहात में 1,136 नए वाहनों के पंजीकरण अटके हुए हैं।
नई गाड़ी खरीदने के बाद समय से आरसी नहीं मिलने से वाहन मालिकों को काफी परेशानी हो रही है। विभागीय अधिकारियों की ओर से अब लंबित आवेदनों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
