नई दिल्ली ।

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को न्यायिक अधिकारियों के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि न्यायिक अधिकारियों में अनुशासन की कमी दिखाई दे रही है। वे लगातार अपनी सुविधाओं, वेतन-भत्तों और सेवा से जुड़े लाभों की मांग उठाते रहते हैं।

मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने कहा कि न्यायपालिका में अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। पीठ में सीजेआई सूर्यकांत के अलावा न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहन शामिल थे।

सुनवाई के दौरान पीठ ने न्यायिक अधिकारियों की ओर से बार-बार अपनी सेवा शर्तों को लेकर आवेदन दाखिल किए जाने पर भी सवाल उठाए। सीजेआई सूर्यकांत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि न्यायिक अधिकारी अब अपनी मांगों को लेकर कुछ ज्यादा ही मुखर हो रहे हैं। उन्हें हर समय इसी बात की चिंता रहती है कि उन्हें कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं, कौन से सेवा लाभ दिए जा रहे हैं, उनकी सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाई जा रही है या नहीं और उन्हें आगे कौन सी दूसरी सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि अदालतों के कामकाज और न्यायिक अधिकारियों की दिनभर की गतिविधियों से न्यायपालिका अनजान नहीं है। ऐसा नहीं है कि न्यायाधीश अपने चैंबर में बैठकर सिर्फ कॉफी पीते रहते हैं और काम नहीं करते। अदालतों में कितना काम हो रहा है, इसकी पूरी जानकारी न्यायपालिका को है। इसके बावजूद बार-बार सुविधाओं को लेकर आवेदन दाखिल करना अनुशासनहीनता को दर्शाता है।

सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी केरल में जिला जजों की सीधी भर्ती से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान आई। यह भर्ती वकीलों के लिए आरक्षित सीधे भर्ती वाले कोटे के तहत की जा रही है। विवाद इस बात को लेकर है कि क्या ऐसे न्यायिक अधिकारी, जो पहले वकालत कर चुके हैं, अपने वकालत के अनुभव के आधार पर इस कोटे के तहत जिला जज बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

संविधान के अनुच्छेद 233(2) के मुताबिक जिला जज के पद पर सीधी नियुक्ति पाने के लिए किसी वकील के पास कम से कम सात वर्ष का वकालत का अनुभव होना अनिवार्य है। इसी प्रावधान की व्याख्या और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है।