नेपाली प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के भारत दौरे में कई अहम समझौतों पर बनी सहमति, कृषि, शिक्षा, व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर जोर

नई दिल्ली ।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया। इस दौरान नेपाली प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की। भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को देखते हुए इस यात्रा को बेहद अहम माना जा रहा है।

प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने कहा कि भारत के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत में दोनों देशों के सदियों पुराने संबंधों को और मजबूत तथा आधुनिक बनाने पर चर्चा हुई। द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सहमतियां बनीं। साथ ही कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।

उन्होंने कहा कि इन समझौतों और परियोजनाओं का लाभ किसानों, युवाओं, छात्रों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। इससे रोजगार, नए बाजार, निवेश और कारोबार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि ये उपलब्धियां भारत-नेपाल संबंधों को नई ऊंचाई प्रदान करेंगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इन्क्यूबेटर, इनोवेशन हब और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में सहयोग करेगा। इसके अलावा नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और तकनीक के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर भी बढ़ाए जाएंगे।

कृषि और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल में कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के लिए एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भारत सहयोग करेगा। इससे किसानों की आय बढ़ाने और कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन देने में मदद मिलेगी।

व्यापार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल के व्यापार को बढ़ावा देने के लिए भारतीय बंदरगाहों तक पहुंच आसान बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल को कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच उपलब्ध कराएगा। इससे नेपाल के आर्थिक विकास और निवेश को गति मिलेगी तथा व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा।

ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग पर जोर

ऊर्जा सहयोग को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल की नदियों में स्वच्छ बिजली उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। इस दिशा में लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई है। साथ ही अरुण-3 परियोजना को समय पर पूरा करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई।

इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन किया गया और नेपाल में जापा पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं से नेपाल में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

भारत और नेपाल के बीच हुई इन चर्चाओं और समझौतों को दोनों देशों के आर्थिक विकास, क्षेत्रीय सहयोग और आपसी संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।