छतरपुर से दो गाड़ियों में आए हमलावरों पर आरोप, स्कूल के सामने वारदात से इलाके में हड़कंप

आज का चौपाल | संवाददाता, कानपुर।

कानपुर के गुजैनी थाना क्षेत्र के जरौली फेज-दो में शुक्रवार को पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के दौरान छह वर्षीय मासूम हर्षित के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि छतरपुर से दो गाड़ियों में आए दबंगों ने स्कूल के सामने बच्चे के पिता कुलदीप श्रीवास्तव के साथ मारपीट की और बंदूक की नोक पर उनके बेटे को जबरन उठाकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, जरौली निवासी कुलदीप श्रीवास्तव और उनकी पत्नी माधुरी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। दोनों के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर मामला अदालत में विचाराधीन था। बताया गया है कि अदालत ने कानूनी रूप से छह वर्षीय बेटे हर्षित की कस्टडी पिता कुलदीप को दी थी।

शुक्रवार को कुलदीप अपने बेटे को जरौली फेज-दो स्थित सरदार पटेल अकादमी स्कूल से लेने जा रहे थे। इसी दौरान छतरपुर से दो गाड़ियों में आए अज्ञात लोगों ने स्कूल के ठीक सामने उनकी गाड़ी को घेर लिया। कुलदीप का आरोप है कि गाड़ियों से उतरे लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की।

आरोप है कि हमलावरों ने इसके बाद बंदूक की नोक पर मासूम हर्षित को जबरन अपने कब्जे में लिया और गाड़ी में बैठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।

घटना के पीछे बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद को अहम वजह माना जा रहा है। हालांकि, अपहरण में शामिल अन्य लोगों और बच्चे के संबंध में आगे की स्थिति पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पड़ताल कर रही है।