धाता में बैठक कर समर्थकों और मतदाताओं से समर्थन की अपील
चौपाल संवाद | फतेहपुर। प्रयागराज-झांसी स्नातक चुनाव को लेकर गुरुवार को धाता क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां देखने को मिलीं। स्नातक चुनाव के प्रत्याशी रहे शैलेन्द्र सिंह पटेल ने भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव के प्रयासों से भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को समर्थन देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों और मतदाताओं से भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन देने की अपील की।
धाता नगर पंचायत स्थित चौधरी शिवकुमार सिंह स्मारक महाविद्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैलेन्द्र सिंह पटेल ने भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को समर्थन देते हुए कहा कि वह उनके सरल स्वभाव और भाजपा नेताओं के विचारों से प्रभावित होकर यह निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से भी स्नातक चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने शैलेन्द्र सिंह पटेल के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि उनके समर्थन से धाता क्षेत्र के मतदाताओं तक पहुंच बनाने में सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी इस समर्थन को याद रखेगी।
बैठक में भाजपा जिला प्रभारी राहुल देव अग्निहोत्री, धाता ब्लॉक प्रमुख राजू सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज, जिला उपाध्यक्ष अपर्णा सिंह गौतम, जिला मंत्री विमलेश पांडेय, कार्यालय प्रभारी ओम मिश्रा, मंडल अध्यक्ष रामनारायण शुक्ला, विवेक सिंह पटेल और अवधेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता और भाजपा समर्थक मौजूद रहे।
बैठक के दौरान स्नातक चुनाव को लेकर चर्चा हुई और उपस्थित लोगों से चुनाव में भागीदारी निभाने की अपील की गई।

