एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें खोज अभियान में जुटीं

चौपाल संवाद | फतेहपुर। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव के दो किशोर गंगा नदी में स्नान करते समय डूब गए। घटना के बाद से ही दोनों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमें नदी में खोजबीन कर रही हैं। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

डूबे किशोरों की पहचान गजराज उर्फ गज्जू (14) पुत्र पप्पू सेंगर और पुष्पेंद्र (15) पुत्र कल्लू पाल के रूप में हुई है। दोनों आलमपुर नरही गांव के निवासी हैं। बताया गया कि दोनों गंगा नदी में स्नान करने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वे डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया गया। बाद में एसडीआरएफ की टीम के साथ पुलिस प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी भी अभियान में जुट गए। किशोरों की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

घटनास्थल पर पहुंचे जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दोनों किशोरों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया।

घटना के बाद गांव में शोक और चिंता का माहौल है। परिजन किशोरों के मिलने की आस लगाए हुए हैं, जबकि बचाव दल नदी में उनकी तलाश में जुटे हैं।