दिल्ली में इमारत गिरने से सात छात्रों की मौत, पांच लोग हुए थे घायल; हाईकोर्ट ने दिए हैं उच्चस्तरीय जांच के आदेश

नई दिल्ली, एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट 10 सितंबर को दिल्ली के सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे से जुड़े मामलों की सुनवाई करेगा। अदालत ने कहा कि हाईकोर्ट में चल रहे मामले के मुद्दे देशभर में अवैध निर्माण और अग्नि सुरक्षा से जुड़े मामलों से मिलते-जुलते हैं।

सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में सात छात्रों की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। हादसे के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने मामले की उच्चस्तरीय एमसीडी जांच के आदेश दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति आर. महादेवन की पीठ ने कहा कि हाईकोर्ट में उठाए गए मुद्दे गंभीर हैं और देशभर में अवैध निर्माण तथा अग्नि सुरक्षा से जुड़े मामलों की सुनवाई से इनका सीधा संबंध है।

पीठ ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दिल्ली हाईकोर्ट में लंबित मामले को सुप्रीम कोर्ट अपने पास स्थानांतरित कर सकता है। अदालत अब 10 सितंबर को सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना से जुड़े सभी प्रमुख मुद्दों पर सुनवाई करेगी।