मिट्टी परीक्षण का काम शुरू, निर्माण पूरा होने पर जाम से मिलेगी मुक्ति

अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड ट्रैक ने पकड़ी रफ्तार

सीएसजेएमयू के सामने मिट्टी परीक्षण शुरू, जल्द शुरू हो सकता है पिलर निर्माण; रेलवे क्रॉसिंग के जाम से मिलेगी राहत

कानपुर। अनवरगंज से मंधना के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड रेलवे ट्रैक के निर्माण की दिशा में रेलवे ने एक और कदम बढ़ा दिया है। परियोजना के लिए ट्रैक किनारे अलग-अलग स्थानों पर मिट्टी परीक्षण का काम शुरू हो गया है। सोमवार को कानपुर विश्वविद्यालय के सामने रेलवे ट्रैक के पास मिट्टी की जांच के लिए बोरिंग कर नमूने लिए गए। विशेषज्ञ इन नमूनों की भार वहन क्षमता और संरचनात्मक मजबूती की जांच करेंगे। रिपोर्ट के आधार पर एलिवेटेड ट्रैक के पिलर और नींव का डिजाइन तैयार किया जाएगा।

परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए रेलवे प्रशासन ने ट्रैक के किनारे विभिन्न स्थानों पर मिट्टी परीक्षण शुरू कराया है। सीएसजेएमयू के सामने दो अलग-अलग स्थानों पर बोरिंग मशीन लगाकर मिट्टी के नमूने एकत्र किए गए। परीक्षण पूरा होने के बाद पिलर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

रोजाना हजारों लोगों को जाम से मिलेगी राहत

अनवरगंज-मंधना रेलखंड के बीच कई व्यस्त रेलवे क्रॉसिंग हैं। रावतपुर, कल्याणपुर समेत अन्य क्रॉसिंग पर ट्रेनों के गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से सड़क यातायात थम जाता है। इससे रोजाना हजारों राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है।

एलिवेटेड ट्रैक बनने के बाद ट्रेनों का संचालन ऊपर से होगा। इससे नीचे स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेनों के कारण लगने वाला जाम खत्म होगा और सड़क यातायात सुचारु हो सकेगा। परियोजना पूरी होने के बाद कानपुरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।