कानपुर। जाजमऊ स्थित वीआईपी रोड पर सरैया चौराहे के पास बुधवार सुबह बारिश के दौरान अचानक सड़क धंसने से करीब पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कानपुर में जाजमऊ के वीआईपी रोड पर सरैया चौराहे के पास बुधवार सुबह बारिश के दौरान अचानक सड़क धंस गई। इससे करीब पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया। आसपास बैरिकेडिंग लगवा दी गई है। यह सड़क जाजमऊ पुरानी चुंगी से सर्किट हाउस की तरफ जाती है।
रोजाना सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। मंगलवार दिन और रात में बारिश होने के बाद बुधवार सुबह अचानक सड़क धंस गई, जिससे राहगीरों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यहां बीते 10 जुलाई 2026 को भी सड़क धंसने से करीब सात फीट गहरा गड्ढा हो गया था।
बार-बार धंस रही सड़क
इसी तरह 20 अगस्त 2025 को भी सरैया मोड़ पर बारिश के कारण गहरा गड्ढा हो गया था। इलाके के राहुल, अशफाक, जुनैद समेत कई लोगों का कहना है कि सड़क बार-बार धंस रही है। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार सड़क बनवाते हैं, लेकिन अगली बारिश में फिर से गड्ढा हो जाता है।
