घर-घर से जुटेगा तेल, अयोध्या में जलेगी ज्योति

आज का चौपाल | फतेहपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने गुरुवार को श्री लोक विहार कॉलोनी (बगिया), फतेहपुर स्थित अपने कार्यालय में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर ‘श्रद्धा का दीप, एक दीपक प्रभु श्रीराम के नाम’ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर रोली-चंदन लगाकर अभियान की शुरुआत की और सदर विधानसभा क्षेत्र के लोगों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

पूर्व विधायक ने बताया कि अभियान के तहत चार रथ सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी शहरी और ग्रामीण इलाकों में भेजे जाएंगे। ये रथ 23 अक्टूबर से 3 नवंबर तक गांव-गांव और गली-मोहल्लों में पहुंचेंगे। इनके माध्यम से घर-घर से तेल एकत्र किया जाएगा। एकत्रित तेल से दीपावली के पावन पर्व पर भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

विक्रम सिंह ने कहा कि फतेहपुर से अयोध्या तक श्रद्धालुओं की आस्था और समर्पण की ज्योति पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। प्रत्येक घर से मिलने वाला तेल भगवान श्रीराम की नगरी को रोशन करने में योगदान देगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी श्रद्धा के अनुसार इस अभियान में सहभागी बनें और प्रभु श्रीराम के नाम एक दीपक जलाने के संकल्प को साकार करें।

जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से सहयोग की अपील

पूर्व विधायक ने सदर क्षेत्र के सभी सभासदों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, अन्य जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में रथ पहुंचे, वहां के लोग घर-घर से तेल एकत्र कराने में सहयोग करें, ताकि अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक बनाया जा सके।

अभियान का उद्देश्य लोगों की आस्था और सहभागिता के माध्यम से दीपावली पर अयोध्या में दीप प्रज्ज्वलन करना है। आयोजकों के अनुसार, चारों रथ निर्धारित अवधि में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अभियान से जोड़ेंगे।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष संजय मोदनवाल, जय प्रकाश सिंह, नगर अध्यक्ष दिनेश गुप्ता, हसवा मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र मौर्य, देवनाथ धाकड़े, अभिषेक शुक्ला, जसवंत गिहार (जिलाध्यक्ष, अनुसूचित जनजाति मोर्चा), सुनील गुप्ता, आदित्य पांडेय, अखिलेश चौहान, अंकित मिश्रा, प्रशांत सिंह गौतम, सोनू परिहार, बलकेश मिश्रा, सोनू तिवारी, कप्तान सिंह, जय यादव और शुभम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।