नई दिल्ली, एजेंसी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर छात्रों को राजनीतिक हथियार बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार युवाओं के कल्याण और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विपक्ष को सड़कों पर हंगामा करने के बजाय संसद के मानसून सत्र में इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए।
संसद के मानसून सत्र के दौरान युवाओं और छात्रों के मुद्दे पर जारी सियासी घमासान के बीच रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग देश के छात्रों और युवाओं का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हथियार के रूप में कर रहे हैं। उन्होंने इसे छात्रों को भटकाने का एक असफल प्रयास बताया।
राजनाथ सिंह ने विश्वास जताया कि भारत का जागरूक युवा इन सभी कोशिशों को अच्छी तरह समझता है और वह विकास तथा राष्ट्र निर्माण का रास्ता ही चुनेगा।
रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार छात्रों और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने तथा उनके कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार युवाओं के प्रति संवेदनशील है और यह सुनिश्चित करेगी कि किसी के साथ, खासकर छात्रों के साथ, कोई अन्याय न हो।


