नई दिल्ली (एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा के लिए एक अहम बैठक की। इसमें खास तौर पर उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित अगले साल सात राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा हुई।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारी, प्रदेश इकाइयों के अध्यक्ष और अन्य प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में पार्टी की प्रदेश इकाइयों के प्रभारी भी मौजूद रहे। सूत्रों ने बताया कि बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष भी उपस्थित थे।
बैठक में जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंच बढ़ाने और युवाओं से जुड़ने के उपायों पर चर्चा की गई, खासकर उन राज्यों में जहां अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से इस बैठक को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
अगले साल पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, हिमाचल प्रदेश और गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में से पंजाब और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर बाकी चार राज्यों में भाजपा सत्ता में है। पंजाब में अभी आम आदमी पार्टी की सरकार है, जबकि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सत्तारूढ़ है।
इस संबंध में एक सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “यह संगठन से जुड़े कई मामलों पर चर्चा करने के लिए एक अहम बैठक थी।”


