बिठूर, बिधनू और गोविंदनगर में अलग-अलग घटनाएं, घरों में मचा कोहराम
कानपुर। जिले में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन युवकों ने फंदा लगाकर जान दे दी। बिठूर और बिधनू में पत्नी और बच्चों से दूरी से परेशान होने की बात सामने आई है, जबकि गोविंदनगर में शराब की लत को लेकर परिवार में होने वाली कहासुनी के बीच युवक ने आत्मघाती कदम उठाया। तीनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी के लौटने से इनकार के बाद दी जान
नारामऊ निवासी मुकेश (28) लोडर चालक था। करीब आठ साल पहले उसकी शादी रिंकी से हुई थी। दोनों का एक बेटा दिव्यांशु है। परिजनों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब 15 दिन पहले हुई कहासुनी के बाद रिंकी बेटे को लेकर मायके चली गई थी।
मुकेश लगातार पत्नी को वापस बुलाने का प्रयास कर रहा था। सोमवार देर रात भी फोन पर दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन रिंकी ने लौटने से इनकार कर दिया। इसके कुछ देर बाद मुकेश कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह मां छिदाना कमरे में पहुंचीं तो उसका शव फंदे से लटका मिला।
पत्नी-बेटी के मायके जाने से था परेशान
मझावन निवासी रविंद्र (27) ट्रक चालक था। करीब छह साल पहले उसकी शादी सारिका से हुई थी। दोनों की पांच वर्षीय बेटी सृष्टि है। परिजनों के अनुसार करीब एक साल पहले विवाद के बाद सारिका बेटी को लेकर मायके चली गई थी।
रविंद्र लगातार पत्नी और बेटी को वापस बुलाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन दोनों नहीं लौटीं। इससे वह परेशान रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ समय से शराब का सेवन भी बढ़ गया था।
सोमवार देर रात शराब के नशे में घर पहुंचने के बाद वह कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह मां कुशमा सफाई करने पहुंचीं तो रविंद्र का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शराब को लेकर घर में होती थी कहासुनी
गोपाल नगर नहरिया निवासी करण (23) मजदूरी करता था। परिजनों के मुताबिक उसे शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर देर रात घर लौटता था। इसको लेकर परिवार के लोग उसे टोकते थे और कई बार कहासुनी भी होती थी।
सोमवार रात करण देर से घर पहुंचा और कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह परिजनों ने कमरे में उसका शव फंदे से लटका देखा। सूचना पर गोविंदनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद होगी।


