यूपी के हाथरस में हुई भगदड़ के तीसरे दिन पुलिस ने आज 6 लोगों की गिरफ्तारी की। आईजी रेंज अलीगढ़ शलभ माथुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार सभी 6 आरोपी आयोजन समिति के सदस्य हैं। इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मैनपुरी का राम लड़ैते यादव, शिकोहाबाद का उपेंद्र यादव, हाथरस का मेड सिंह, मंजू यादव, मुकेश कुमार और मंजू देवी शामिल हैं। इन लोगों की देखरेख में ही सत्संग का आयोजन चल रहा था।

उधर, पुलिस ने मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम घोषित किया है। वह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। दूसरी ओर, भोले बाबा के वकील एपी सिंह घायलों से मिलने अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाबा के पास कोई आश्रम नहीं है। वह पेंशन से अपना गुजारा करते हैं। जब भी बाबा को जांच टीम बुलाएगी, वह आएंगे। हादसे के 48 घंटे बाद भी पुलिस नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने मैनपुरी, ग्वालियर, कानपुर और हाथरस समेत 8 ठिकानों पर छापा मारा है। इधर, पुलिस ने एटा, हाथरस और मैनपुरी से 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। सभी भोले बाबा से जुड़े हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि हादसे के लिए प्रशासन और प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाथरस आएंगे। वह अस्पताल में भर्ती और प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे।

इनकी हुई गिरफ्तारी

  • राम लडैते पुत्र रहबारी सिंह यादव निवासी भानपुरा थाना कुरावली जनपद मैनपुरी
  • उपेन्द्र सिंह यादव पुत्र रामेश्वर सिंह निवासी बाईपास एटा रोड थाना शिकोहाबाद
  • मेघसिंह पुत्र9 हुकुम सिंह निवासी मौ दमदपुरा थाना सिकंदराराऊ, हाथरस
  • मंजू यादव पत्नी सुशील कुमार निवासी कचौरा थाना सिकंदराराऊ, हाथरस
  • मुकेश कुमार पुत्र मोहर सिंह प्रेमी निवासी न्यू कॉलोनी दमदपुरा थाना सिकंदराराऊ हाथरस
  • मंजू देवी पत्नी किशन कुमार यादव निवासी कचौरा थाना सिकंदराराऊ, हाथरस

कौन है देव प्रकाश मधुकर सेवादार, जिस पर है 1 लाख का इनाम

हाथरस भगदड़ कांड में पुलिस ने भोले बाबा के मुख्य सेवादार देव प्रकाश मधुकर को मुख्य आरोपी बनाया। उस पर 1 लाख का इनाम भी घोषित किया है। देव प्रकाश मधुकर हाथरस के मोहल्ला दमदमपुरा की न्यू कॉलोनी में रहता है। वह पंचायती राज विभाग में इंजीनियर है। घटना के बाद देव प्रकाश मधुकर के घर पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मगर, देव प्रकाश के घर पर ताला लगा था। वह अपने पूरे परिवार के साथ गायब हो गया है। इसके बाद लोगों ने उनके घर के सामने जय भीम के नारे लगाए।

अराजक तत्वों ने मचाई भगदड

बाबा बोला

न्यायिक आयोग का गठन, 2 महीने में सौंपेगी रिपोर्ट

योगी सरकार ने हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग बनाया है। इसकी अध्यक्षता इलाहाबाद हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज जस्टिस बृजेश कुमार श्रीवास्तव करेंगे। रिटायर्ड आईपीएस हेमंत राव और रिटायर्ड आईएएस भवेश कुमार सिंह आयोग के सदस्य हैं। टीम 2 महीने में जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी। भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए सुझाव भी देगी।

सीएम योगी बोले- यह हादसा साजिश जैसा

सीएम योगी ने बुधवार को कहा कि यह हादसा साजिश जैसा है। लोग मरते गए, सेवादार वहां से भाग गए। उन्होंने न तो प्रशासन को सूचना दी और न ही मदद की। प्रशासन की टीम जब पहुंची तो सेवादारों ने उन्हें आगे जाने नहीं दिया। हमने भी कुंभ जैसे बड़े आयोजन किए, लेकिन ऐसी चीजें नहीं हुईं। जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शेंगे नहीं।

बाबा को छोड़कर 22 आयोजकों पर एफआईआर

भोले बाबा को छोड़कर 22 आयोजकों पर एफआईआर हुई है। सिर्फ एक नामजद है, बाकी अज्ञात हैं। भोले बाबा हर महीने पहले मंगलवार को सत्संग करता है, जिसमें यूपी, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और पंजाब से लोग आते हैं। ऐसा ही आयोजन हाथरस में था, जिसमें करीब एक लाख से ज्यादा अनुयायी पहुंचे थे।

ऐसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सत्संग के बाद श्रद्धालु बाबा के काफिले के पीछे उनकी चरण रज लेने के लिए दौड़े।