35 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात, विकास कार्यों का किया लोकार्पण-शिलान्यास
वडोदरा, एजेंसी। गुजरात दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को नवसारी में बड़ी जनसभा को संबोधित किया। मंच पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। बड़ी संख्या में जुटे लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने गुजरात में हो रहे विकास कार्यों और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया।
नवसारी पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री ने वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें रेलवे, सड़क, आवास, जलापूर्ति, शहरी विकास और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री के दौरे में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को विशेष प्राथमिकता देखने को मिली।
चार मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी
नवसारी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इससे माल परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
युवाओं से बोले पीएम, विकास में भागीदारी का आह्वान
वडोदरा में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया। छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री मोदी से संवाद किया और अपने अनुभव साझा किए। कई युवाओं ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सकारात्मक सोच की सराहना की।
कुछ छात्रों ने बुलेट ट्रेन परियोजना को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि इससे गुजरात के विकास को नई गति मिलेगी। युवाओं ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी भविष्य में और काम होने की उम्मीद जताई।
स्वच्छता अभियान की पीएम ने की सराहना
प्रधानमंत्री मोदी ने वडोदरा में चलाए गए स्वच्छता अभियान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि शहर के लोगों ने जिस तरह मिलकर सफाई अभियान चलाया, वह जनभागीदारी और सेवाभाव की मिसाल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अभियान से जुड़े वीडियो देखे और लोगों की भागीदारी देखकर उन्हें गर्व हुआ। उन्होंने कहा, ‘वाह… मेरा वडोदरा!’
प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील की कि स्वच्छता अभियान को केवल उनके दौरे तक सीमित न रखें। गणेश उत्सव, नवरात्र और दीपावली जैसे त्योहार आने वाले हैं, इसलिए शहर की स्वच्छता लगातार बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए।
20 लाख पौधे बांटे गए
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अनुसार स्वच्छता और पर्यावरण अभियान के तहत पौधारोपण के लिए करीब 20 लाख पौधे वितरित किए गए। अभियान में सफाई कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों ने भी भाग लिया।
प्रधानमंत्री ने सफाई कर्मचारियों और नागरिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता के जरिए किया गया स्वागत भी सम्मान का एक तरीका है।
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति प्रधानमंत्री मोदी के लिए विशेष ‘इंप्रिंट आर्ट’ लेकर पहुंचे। यह कलाकृति पुनर्चक्रित कागज से तैयार की गई थी। उन्होंने बताया कि यह कार्य स्थानीय महिलाओं के साथ मिलकर सामुदायिक स्तर पर किया जाता है।

