नई दिल्ली, एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश-जापान निवेश सम्मेलन 2026 में शामिल हुए। उत्तर प्रदेश में जापानी निवेश को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को नई दिल्ली के ताज होटल में उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट-2026 का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों के प्रमुखों और प्रतिनिधियों के साथ हाईलेवल सीईओ राउंडटेबल में हिस्सा लिया। बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश, औद्योगिक विस्तार, तकनीकी सहयोग और रोजगार के अवसरों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में 200 से अधिक जापानी उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी रही।
बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में 3,191 करोड़ रुपये की तीन औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं सामने आईं। इन परियोजनाओं से 10 हजार से अधिक रोजगार पैदा होने का अनुमान है। इनमें एस्कॉर्ट्स कुबोटा और मिंडा कॉरपोरेशन की परियोजनाएं शामिल हैं।
500 एकड़ में जापान सिटी
कार्यक्रम में यीडा क्षेत्र में करीब 500 एकड़ में जापान सिटी विकसित करने की योजना भी चर्चा के केंद्र में रही। प्रस्तावित जापान सिटी में जापानी कंपनियों के साथ उनके सप्लायर और सहायक उद्योगों को भी जगह देने की तैयारी है। इससे एक ही क्षेत्र में उत्पादन से लेकर सप्लाई चेन तक का औद्योगिक नेटवर्क विकसित होने की उम्मीद है।
2,025 करोड़ की परियोजना से 3,800 रोजगार
एस्कॉर्ट्स कुबोटा यीडा के सेक्टर-10 में करीब 2,025 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यहां ट्रैक्टर, कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट और संबंधित उत्पादों के निर्माण की योजना है। इससे करीब 3,800 से अधिक रोजगार मिलने की उम्मीद है।
मिंडा कॉरपोरेशन सेक्टर-10 और सेक्टर-24 में करीब 1,166 करोड़ रुपये की दो परियोजनाएं लगाएगी। इनसे करीब 6,440 रोजगार मिलने का अनुमान है।
सरकार जापानी निवेश को सिर्फ ऑटोमोबाइल क्षेत्र तक सीमित नहीं रखना चाहती। बैठक में ग्रीन हाइड्रोजन, अक्षय ऊर्जा, क्लीन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश का न्योता देते हुए प्रदेश के बड़े बाजार, बेहतर कनेक्टिविटी, औद्योगिक आधार और मानव संसाधन को निवेश के लिए अनुकूल बताया। सरकार का जोर जापानी तकनीक और विशेषज्ञता को प्रदेश के औद्योगिक विकास से जोड़ने पर है।
उत्तर प्रदेश-जापान इन्वेस्टमेंट मीट 18 से 23 अगस्त तक चलेगा। नई दिल्ली के कार्यक्रम के बाद 21 अगस्त को लखनऊ में मुख्य राज्य स्तरीय सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें जापानी निवेशकों और प्रदेश सरकार के बीच निवेश प्रस्तावों और औद्योगिक परियोजनाओं पर चर्चा होगी।

