मथुरा, एजेंसी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष एवं हिंदू पक्ष के अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मंगलवार को सुलह केंद्र में दूसरी सुनवाई तय थी, लेकिन मुस्लिम पक्ष वहां उपस्थित नहीं हुआ। इसके चलते श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही मस्जिद ईदगाह विवाद में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही सुलह-समझौते की कोशिश एक बार फिर विफल हो गई।

मुस्लिम पक्ष के उपस्थित नहीं होने के कारण सुलह केंद्र में कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद सुनवाई स्थगित कर दी गई। अब इस मामले की सुनवाई सीधे सुप्रीम कोर्ट में 21, 22 और 23 अगस्त को होगी।

अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इससे पहले सात अगस्त को भी दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई थी, जो बेनतीजा रही थी। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुस्लिम पक्ष के समक्ष मस्जिद हटाने के बदले दूसरी जगह जमीन देने का प्रस्ताव रखा गया था। हालांकि, अब हिंदू पक्ष ने स्पष्ट किया है कि विवादित भूमि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की है और मस्जिद के बदले किसी भी वैकल्पिक भूमि का प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया जाएगा।