कानपुर में अंग्रेजी शराब की दुकान में लगी आगः 10 लाख का नुकसान, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट

नरवल। कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के महाराजपुर कस्बे में अंग्रेजी शराब की दुकान पर शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का सामान जल चुका था।

जानकारी के अनुसार नरवल के शीशुपुर गांव निवासी विजय प्रताप सिंह के नाम महाराजपुर कस्बे में अंग्रेजी शराब की दुकान है, जिसे अर्जुन नाम का व्यक्ति चलाता है। दरअसल, सुबह अचानक दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा, जिसके बाद देखते ही देखते आग की तेज लपटें उठने लगीं। दुकान पर लगी आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।

जाजमऊ फायर ब्रिगेड स्टेशन से आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सामान जल चुका था। अंग्रेजी शराब दुकान संचालक अर्जुन ने बताया कि इस आगजनी में करीब दस लाख रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, जाजमऊ फायर स्टेशन प्रभारी राहुल नन्दन ने बताया कि आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है।