नई दिल्ली, एजेंसी। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि पार्टी कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। ओवैसी ने एआईएमआईएम को ‘वोट काटने वाली’ पार्टी बताए जाने की धारणा को खारिज करते हुए इसे मजबूत राजनीतिक विकल्प बताया।
ओवैसी ने गुरुवार को कहा कि एआईएमआईएम निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी और संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी चुनाव में कई विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी।
‘वोटकटवा’ कहे जाने पर पलटवार
ओवैसी ने एआईएमआईएम को ‘वोट काटने वाली पार्टी’ कहे जाने पर कहा कि पार्टी की संगठनात्मक ताकत पहले से बढ़ी है और उसे एक राजनीतिक विकल्प के तौर पर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के अनुभव ने भी इस रुझान को मजबूती दी है।
उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी यूपी चुनाव में एआईएमआईएम के कई विधायक चुने जाएंगे।
सीटों की संख्या अभी तय नहीं
ओवैसी ने कहा कि पार्टी ने अभी यह तय नहीं किया है कि 2027 में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम निश्चित रूप से चुनाव लड़ेगी और अगर पार्टी का प्रदर्शन पहले से बेहतर रहा तो जल्द ही यह स्पष्ट हो जाएगा कि किन क्षेत्रों में और कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन पहले की तुलना में काफी मजबूत हुआ है और चुनाव की तैयारियों को इसी आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।


