बोले- पारदर्शिता और परिणाम की गारंटी से बदली शासन की परिभाषा, गुजरात मॉडल से देश को मिली नई दिशा
नई दिल्ली। संवाददाता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके राजनीतिक सफर, कार्यशैली और उपलब्धियों को रेखांकित किया। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अथक परिश्रम, दृढ़ संकल्प और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में पारदर्शिता और परिणाम आधारित कार्यशैली को शासन का महत्वपूर्ण आधार बनाया गया।
अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी करीब 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा की यात्रा जारी रही।
शाह के मुताबिक, गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने भूकंप से प्रभावित कच्छ के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी और उसे विकास के मॉडल के रूप में सामने रखा। ज्योतिग्राम योजना के माध्यम से गांवों तक बिजली पहुंचाने, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा निवेश और उद्योग के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने की दिशा में काम किया गया।
गृह मंत्री ने कहा कि गुजरात में कृषि क्षेत्र के विकास और सुशासन पर भी जोर दिया गया। उन्होंने इसे ऐसी कार्यशैली बताया, जिसका प्रभाव बाद में देश के शासन मॉडल में भी दिखाई दिया।
‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ को बनाया आधार
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ यानी काम के आधार पर राजनीति का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनके अनुसार, सरकार की योजनाओं का उद्देश्य केवल घोषणाओं तक सीमित न रहकर उनका प्रभाव आम नागरिकों तक पहुंचाना रहा है।
उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के विकास और समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। शाह ने दावा किया कि इन प्रयासों से बड़ी संख्या में लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
डिजिटल और औद्योगिक क्षेत्रों में विस्तार
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने अंतरिक्ष, समुद्री क्षेत्र, डिजिटल भुगतान, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में तेजी से प्रगति की है। उन्होंने इसे भारत की बदलती आर्थिक और तकनीकी क्षमता का संकेत बताया।
उन्होंने कहा कि देश में विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने, नई तकनीक को अपनाने और निवेश के अवसर बढ़ाने पर लगातार जोर दिया गया है। सरकार की नीतियों का लक्ष्य भारत को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ रोजगार और विकास के नए अवसर तैयार करना भी रहा है।
गरीब कल्याण को बताया प्रमुख उपलब्धि
अमित शाह ने प्रधानमंत्री आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और घर-घर नल से जल जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं का सीधा असर आम परिवारों के जीवन पर पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि करोड़ों परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है और बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा को समर्पण, निर्णय क्षमता, पारदर्शिता और परिणाम आधारित शासन की यात्रा बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में नई उपलब्धियां हासिल की हैं।


