झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर केंद्रीय गृह मंत्री ने दी शुभकामनाएं, प्रधानमंत्री मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी किया नमन
नई दिल्ली । झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को अद्वितीय साहस और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और चेतना जगाई। उन्होंने अपनी संस्कृति और मातृभूमि की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान आंदोलन के माध्यम से क्रांति का बिगुल फूंका। उनकी जीवनगाथा आज भी राष्ट्रहित में संगठित रहने, त्याग और समर्पण की प्रेरणा देती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी झारखंड स्थापना दिवस पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने झारखंड की जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और ऐतिहासिक विरासत की सराहना की। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा कि झारखंड जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम है। यहां के घने वन, मनोरम जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल राज्य की विशिष्ट पहचान को समृद्ध करते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाएं झारखंड की परंपराओं को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी। उन्होंने कहा कि खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प तथा पर्यटन तक राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्हें विश्वास है कि झारखंड के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के संकल्प एवं सामर्थ्य से राज्य प्रगति के नए मुकाम हासिल करेगा।
मोदी ने कामना की कि स्थापना दिवस का यह विशेष अवसर राज्य के सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली लेकर आए। उन्होंने झारखंड की विकास यात्रा में स्थानीय लोगों की मेहनत और प्रतिभा को महत्वपूर्ण बताया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अनुपम गाथा है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के शोषण और अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा जनजातीय समाज की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत हुई। यह देश के जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
