स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण का शुभारंभ, युवाओं को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल
लखनऊ (संवाददाता)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि हमारा देश सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। युवा का मतलब शक्ति है। आप सभी की उम्र अभी 15 से 35 वर्ष के बीच है और आप सभी में बजरंगबली की ताकत है। यह वह दौर है, जब असंभव जैसा शब्द आपके शब्दकोश में नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने रानी लक्ष्मीबाई, विनायक दामोदर सावरकर और महाराणा प्रताप के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई ने मात्र 26 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी हुकूमत से लोहा लिया था। स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को 26 वर्ष की उम्र में दो बार आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी, जबकि महाराणा प्रताप ने अकबर के खिलाफ पहली बार युद्ध लड़ा तो उनकी उम्र महज 27 वर्ष थी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने वैश्विक मंच पर भारत को नई पहचान दिलाई।
जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षुओं को टैबलेट वितरित किए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन टैबलेट में इन्फोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की निःशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई है। युवाओं को योग से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डीप टेक जैसे आधुनिक विषयों की पढ़ाई के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने साढ़े नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।
टैबलेट का महत्व समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करने की कुंजी है। इसका उपयोग ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए होना चाहिए। युवा डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़कर देश-दुनिया की जानकारी हासिल करें और अपने कौशल को विकसित करें।
उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं की जरूरत और मांग को ध्यान में रखते हुए अपनी नीति में बदलाव किया है। इसी के तहत स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उनकी इच्छा थी कि वह स्वयं सभी युवाओं को टैबलेट वितरित करें, लेकिन 25 लाख लोगों तक टैबलेट पहुंचाने में कई दिन लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह युवाओं के साथ सेल्फी लेना और तस्वीरें खिंचवाना भी चाहते थे। उन्होंने युवाओं को प्रदेश और देश का भविष्य बताते हुए कहा कि यही युवा आने वाले समय में राष्ट्र और प्रदेश की दिशा तय करेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि और पहचान में बड़ा बदलाव आया है। 2017 से पहले सरकारी नौकरी निकलने पर चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल पड़ते थे, लेकिन अब नौकरी पाने के लिए न तो किसी की सिफारिश की जरूरत पड़ती है और न ही रिश्वत देनी पड़ती है। सरकार ने प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट समाप्त किया है।
