लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाथरस हादसे पर कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग नहीं सकती है। इसमें षड्यंत्र नहीं है बल्कि मामले को दबाने की कोशिश करना एक षड्यंत्र है। अखिलेश यादव ने कहा कि हादसे में बड़ी संख्या में गरीब महिलाओं और बच्चों की जान गई है। यह कार्यक्रम पहली बार नहीं हुआ था। प्रदेश में ऐसे कार्यक्रम होते रहते हैं और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वे उन्हें सुचारू रूप से संचालित करें। आयोजकों को भी इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने का अंदाज नहीं होता है, इसलिए प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और आगे ऐसी घटना न हो इसकी तैयारी करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से कोई लाभ नहीं होगा। सोशल मीडिया पर भाजपा वाले तस्वीरें वायरल कर रहे हैं। ऐसा करना उनकी पुरानी आदत है, इसलिए ये लोग हारे हैं और आगे भी हारेंगे। गुरुवार को बसपा के पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान सपा में शामिल हो गए। उनके साथ ही बड़ी संख्या में बसपा कार्यकर्ता भी सपा में शामिल हो गए। इस मौके पर अखिलेश यादव मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई हैं। नए मेडिकल कॉलेज खोलने की बात करने वाले मौजूदा मेडिकल कॉलेज को भी बदहाल कर दिया है। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अपना पॉलिटिकल स्वास्थ्य ठीक करने में लगे हुए हैं। पता नहीं मुख्यमंत्री ने ऐसी क्या कटौती कर दी है कि वे काम नहीं कर पा रहे हैं। सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती है। घटना कोई षड्यंत्र नहीं है बल्कि मामले को दबाना षड्यंत्र है।
अखिलेश यादव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के मंत्री खुद मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। सीएम भी जानते हैं कि वह पीछे पड़े हैं, इसलिए उनके विभाग को फंड नहीं दे रहे। सपा में शामिल होने पर फजलुर्रहमान ने कहा कि पिछली लोकसभा में अखिलेश यादव से मुलाकात हुई थी। वहां उनकी सादगी और सरलता से प्रभावित था। जो एक बार अखिलेश से मिल लेता है उन्हीं का हो जाता है। सपा की नीतियों से प्रभावित होकर सपा में शामिल हो रहा हूँ।
सपा अध्यक्ष ने फजलुर्रहमान का स्वागत करते हुए कहा कि 2019 के चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी हाजी फजलुर्रहमान को वोट देने की अपील की थी, जिन्हें जनता ने चुना। इसके बाद लोकसभा में लगातार संपर्क बना रहा। उनके आने से सपा मजबूत होगी। सपा में शामिल होने वालों से उन्होंने कहा कि यूपी में सरकार में आने पर सहारनपुर से लखनऊ के लिए एक्सप्रेसवे बनाएंगे।


