कानपुर। पनकी क्षेत्र में एमआईजी रोड पर स्थित ओला इलेक्ट्रिक के शोरूम में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और अंदर रखी दर्जनों गाड़ियां जलकर राख हो गईं।
कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में एमआईजी रोड पर ओला इलेक्ट्रिक के शोरूम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग ने कुछ ही पलों में पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखी दर्जनों दोपहिया गाड़ियां जलकर राख हो गईं।
घटना की रात 23:18 बजे मिनी कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि पनकी में त्रिपाठी गेस्ट हाउस के सामने स्थित ओला शोरूम में आग लग गई है। सूचना मिलते ही तत्परता दिखाते हुए पनकी की यूनिट फायर टेंडर के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। आग की भीषणता को देखते हुए फजलगंज से भी दो अन्य फायर टेंडर मौके पर भेजे गए।
धुएं के बीच घंटों चली मशक्कत
घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि शोरूम के भीतर भारी मात्रा में जहरीला धुआं भरा हुआ था और आग विकराल रूप ले चुकी थी। दमकल कर्मियों ने अत्यधिक धुएं और कठिनाइयों के बीच मोर्चा संभाला और काफी मशक्कत के बाद पंपिंग कर आग को पूरी तरह बुझा दिया।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
