दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को प्रस्तावित महारैली की तैयारियों का लिया जायजा
चौपाल संवाद
फतेहपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी एक नवंबर को प्रस्तावित महारैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे राजस्थान के विधायक एवं राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनीष यादव का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महारैली में बड़ी संख्या में शामिल होने का भरोसा दिलाया। जिला कांग्रेस कमेटी ने महारैली में करीब 500 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने संयुक्त बयान में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के मामले में कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों के बावजूद सरकार संबंधित अधिकारियों को बचाने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मुद्दे को लेकर अपना विरोध जारी रखेगी और संबंधित अधिकारियों के इस्तीफे की मांग करेगी।
राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनीष यादव ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर महारैली में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह महारैली लोकतंत्र की मजबूती और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आयोजित की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महारैली की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में राजेंद्र शुक्ला, शिवाकांत तिवारी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, देवी प्रकाश दुबे, राजेंद्र लोधी, जेपी पासवान, रामनरेश महाराज, हेमलता पटेल, सैयद सहाब अली, राजीव लोचन निषाद, अब्दुल रज्जाक, मो. कासान, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, आनंद सिंह गौतम, शकीला बानो, रेखा पासवान, उदित अवस्थी, आदित्य श्रीवास्तव, प्रेम शंकर बाजपेयी, इंद्रजीत लोधी, निजामुद्दीन, चौधरी मोइन राइन, ओम प्रकाश कोरी, राकेश शास्त्री, राम शंकर शुक्ला, मो. शफीक, धर्मेंद्र सिंह, इमरान सिद्दीकी, नौशाद अहमद और उस्मान बेग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक में महारैली में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और संगठनात्मक तैयारियों को अंतिम रूप देने पर चर्चा की गई।


