आईटीआई में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने लिया हिस्सा
फतेहपुर, संवाददाता।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), फतेहपुर में ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम मशाल प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के सजीव प्रसारण और संबोधन को उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने देखा और सुना। प्रधानमंत्री के संबोधन में व्यक्त विचारों को आत्मसात करने का संकल्प भी लिया गया।
इस अवसर पर ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम् और राष्ट्रगान का गायन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने राष्ट्र निर्माण और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
आईटीआई से सरदार पटेल चौराहा तक निकली यात्रा
कार्यक्रम के बाद राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), फतेहपुर से अटल बिहारी चौराहा (वर्मा चौराहा) होते हुए सरदार पटेल चौराहा तक भव्य ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने सहभागिता की।
यात्रा के दौरान सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी से यात्रा का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
रंगोली बनी आकर्षण का केंद्र
यात्रा के दौरान पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहपुर में तैयार की गई रंगोली का जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया। आकर्षक रंगोली की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं जनपद प्रभारी मंत्री अजीत सिंह पाल, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक अयाह शाह विकास गुप्ता, पूर्व राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, पूर्व विधायक करण सिंह पटेल, ब्लॉक प्रमुख विकास पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, भाजपा जिला महामंत्री पुष्पराज पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत@2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही।

