कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मैसूर शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की भाजपा की मांग को गुरुवार को खारिज कर दिया। वहीं, विपक्षी पार्टी ने भूमि खोने वालों को धोखाधड़ी से जमीन आवंटित करने के खिलाफ अपना प्रदर्शन तेज कर दिया।
विपक्ष ने सीएम से इस्तीफे की मांग की
भाजपा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की पत्नी पार्वती को मैसूर के एक पॉश इलाके में वैकल्पिक जमीन आवंटित की गई थी। इस जमीन का मूल्य उनकी भूमि के स्थान की तुलना में अधिक था, जिसे एमयूडीए द्वारा अधिग्रहित किया गया था। साथ ही विपक्ष ने सीएम से उनके इस्तीफे की मांग की।
यह है आरोप
एमयूडीए ने पार्वती को तीन एकड़ से अधिक भूमि के बदले 50-50 अनुपात योजना के तहत जमीन आवंटित की थी, जिसे प्राधिकरण ने आवासीय लेआउट विकसित करने के लिए अधिग्रहित किया था। विवादास्पद योजना के तहत लेआउट बनाने के लिए अधिग्रहित अविकसित भूमि के बदले में 50 प्रतिशत विकसित जमीन आवंटित करने की परिकल्पना की गई है। भाजपा का आरोप है कि एमयूडीए द्वारा जमीन गंवाने वालों को भूमि देने में चार हजार करोड़ रुपये की अनियमितताएं हुई हैं। विपक्ष के एक नेता ने दावा किया कि नियमों का उल्लंघन करते हुए 4,500-5,000 भूमि आवंटित की गई है।
एमयूडीए कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की
मुख्यमंत्री ने बुधवार को कहा कि जमीन गंवाने वालों को योजना के तहत एमयूडीए द्वारा आवंटित आवास स्थलों को कथित अनियमितताओं की जांच लंबित रहने तक रोक दिया गया है। भाजपा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के गृह जिले मैसूर में प्रदर्शन किया और वहां एमयूडीए कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और उन्हें एक बस में ले जाया गया।
सीएम का भाजपा पर वार
भाजपा के सीबीआई जांच की मांग किए जाने के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, “क्या उन्होंने (भाजपा ने) अपने कार्यकाल के दौरान कोई मामला सीबीआई को दिया? मैंने सात मामले दिए हैं (मुख्यमंत्री के रूप में उनके पहले कार्यकाल सहित)। यह ऐसा मामला नहीं है जिसे सीबीआई को सौंपा जाए। हमने भी मांग की थी कि क्या उन्होंने जांच के लिए कोई मामला सीबीआई को दिया।” शहरी विकास मंत्री बीएस सुरेशा ने चार सदस्यीय समिति द्वारा जांच का आदेश दिया है। सिद्धारमैया ने बुधवार को कहा था कि वह इस्तीफा नहीं देंगे। उन्होंने पूछा था, “इस मामले में मेरी क्या भूमिका है?”

