बांदा, (यूएनएस)
जनपद में डीआईजी कार्यालय के बाहर एक युवक ने ब्लेड से अपना गला काट लिया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर के इलाज के बाद युवक दुबारा वहां से भाग गया। पुलिस की सहायता से उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में मानसिक रोग विभाग में भर्ती कराया गया है। युवक के भाई ने उसे नशे का आदी बताया है।
पूरा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के बंगालीपुरा मोहल्ला निवासी लवकुश प्रजापति (30) का है, जिसने जिला अस्पताल रोड स्थित डीआईजी कार्यालय के बाहर ब्लेड से अपना गला काट लिया। जानकारी मिलने पर सिविल लाइन चौकी इंचार्ज परवेज अहमद और जिला अस्पताल चौकी से एसआई आरएल सरोज वहां पहुंचे और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां से पट्टी कराकर दोबारा वह जिला अस्पताल से भाग निकला। पुलिस उसे दोबारा पकड़ लाई। कालू कुआं चौकी इंचार्ज अरविंद मौर्य ने उसके घर में सूचना दी। सूचना पर पहुंचे बड़े भाई कामता ने बताया कि वे लामा गांव के रहने वाले हैं। लवकुश तीन भाइयों में सबसे छोटा है। भाई ने बताया कि लवकुश नशे का आदी है और दिन भर नशे में रहता है। घर में भी हंगामा करता है। उसका मानसिक संतुलन भी ठीक नहीं रहता है।
शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि लवकुश अविवाहित है और नशे का आदी है। नशे के चलते उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं रहता है। इसी के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया था। उसे मानसिक रोग विभाग में भर्ती कराया गया है।


