नयी दिल्ली (एजेंसी)। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुलिस, अग्निशमन, होम गार्ड और सिविल डिफेंस के 942 कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। गृह मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इनमें वीरता के लिए 95 पदक भी शामिल हैं।

वीरता पदक पाने वालों में 78 पुलिस सेवा और 17 अग्निशमन सेवा के कर्मी हैं। पदकों से सम्मानित किए जाने वाले कर्मियों में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वाले 101 कर्मी भी शामिल हैं। इनमें 85 पुलिस सेवा, 5 अग्निशमन सेवा, 7 सिविल डिफेंस और होम गार्ड तथा 4 सुधारात्मक सेवा के कर्मी शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त, उल्लेखनीय सेवा के लिए 746 पदक दिए जाने का भी निर्णय लिया गया है।