बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को प्रेक्षागृह में देखा व सुना गया।

दिनांक 27 से 29 अगस्त तक रक्षाबंधन पर सभी मातृशक्तियों को रोडवेज में निःशुल्क यात्रा।

चौपाल संवाद

फतेहपुर, 26 अगस्त। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद श्री राजेंद्र पटेल, जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स, मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना व अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षागृह में देखा व सुना गया।

रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश सरकार ने 27 से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं के लिए रोडवेज बस की यात्रा निःशुल्क की है। वहीं, 29 अगस्त से 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं के लिए रोडवेज बस में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।

जनपद में कार्यक्रम के दौरान मंत्री जी व अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा आई हुई महिलाओं को एक-एक साड़ी और एक मिठाई का पैकेट प्रदान किया गया।

माननीय मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि जब से हमारी सरकार 2014 में केंद्र में और 2017 में प्रदेश में सत्ता में आई है, तब से हम लगातार महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। अभी माननीय मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि हम 50 हजार बेटियों को स्कूटी उपलब्ध कराएंगे और 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं को रोडवेज बस में मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। अब आप लोगों को सरकारी बस में यात्रा करने पर एक रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा। हम और हमारी सरकार सदैव आधी आबादी के साथ खड़ी है।

माननीय विधायक जहानाबाद राजेंद्र पटेल जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पहले की सरकारों ने महिलाओं और आधी आबादी की उपेक्षा की। उन्हें वह सम्मान और हक नहीं मिला, जो वर्तमान सरकार दे रही है।

रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आप पूरे प्रदेश में कहीं भी भाई की कलाई पर रक्षासूत्र बांधने जा सकती हैं। आपका एक रुपया भी खर्च नहीं होगा। आगे भी हम ऐसी योजनाएं लाएंगे, जिससे हमारी मातृशक्ति को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के समापन पर एआरएम रोडवेज एसपी सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।