विचारधारा पर डटे रहें: नासिक में कांग्रेस नेताओं को राहुल गांधी की नसीहत, दिखाए मार्शल आर्ट्स के दांव
मुंबई, एजेंसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को जिला स्तर के नेताओं से कहा कि वे पार्टी की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहें और लोगों को न्याय दिलाने के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करें। गांधी ने ये बातें नासिक में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में लोगों को संबोधित करते हुए कहीं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित कांग्रेस के दस दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर के समापन सत्र में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं से कांग्रेस की विचारधारा पर मजबूती से कायम रहने और लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
इस दौरान उन्होंने आदिवासी छात्रों से भी बातचीत की और महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ कुंभ मेले, किसानों की आत्महत्या, एसआईआर प्रक्रिया और शक्तिपीठ हाईवे के खिलाफ किसानों के आंदोलन समेत कई मुद्दों पर चर्चा की।
मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ले चुके हैं राहुल
जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन के सत्र में शामिल होने पहुंचे गांधी ने प्रतिभागियों को कराटे और जिजुत्सु का डेमो भी दिया। राहुल गांधी खुद मार्शल आर्ट्स में रुचि रखते हैं और इसका प्रशिक्षण ले चुके हैं।
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य आरिफ नसीम खान ने बताया कि राहुल गांधी ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने उन्हें संदेश दिया कि उन्हें कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहना चाहिए और लोगों को न्याय दिलाने के लिए लड़ना चाहिए।
नासिक पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं से की मुलाकात
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बुधवार सुबह नासिक पहुंचे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं से मुलाकात की। इसके बाद प्रशिक्षण शिविर में जाने से पहले उन्होंने आदिवासी छात्रों से भी बातचीत की।
कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों के साथ करीब दो घंटे तक बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जिजुत्सु और कराटे का डेमो भी दिया।
पदाधिकारी के मुताबिक, गांधी ने नेताओं से मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनने की बात कही और बताया कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए दोनों स्तरों पर मजबूती जरूरी है।
राहुल गांधी के दौरे के खिलाफ महिला नेताओं का विरोध
नासिक की मेयर हिमगौरी आहेर-अडके के नेतृत्व में भाजपा की अन्य महिला नेताओं और समर्थकों ने राहुल गांधी के दौरे के खिलाफ विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों ने कांग्रेस पर संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व का विरोध करने का आरोप लगाया।
दस दिनों से चल रहा था प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने बताया कि पिछले दस दिनों से करीब 80 जिला कांग्रेस इकाई अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा ले रहे थे।
पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि बुधवार को शिविर का आखिरी दिन था और राहुल गांधी कैंप के समापन के लिए दिल्ली से आए हैं। इससे पहले उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की।
उन्होंने बताया कि इस दौरान नासिक कुंभ मेले, महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) प्रक्रिया और एक लाख करोड़ रुपये की लागत वाले शक्तिपीठ हाईवे के खिलाफ किसानों के विरोध जैसे कई मुद्दों पर चर्चा की गई।


