जलभराव प्रभावित गांवों में पहुंचीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान

प्रभावित परिवारों को बांटी राहत सामग्री, स्थायी समाधान और क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता का भरोसा

चौपाल संवाद, विजयीपुर, फतेहपुर। लगातार हो रही बारिश से विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र की अमनी और गोदौरा ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। गांवों के मुख्य रास्ते पानी में डूब गए हैं, वहीं कई कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान प्रभावित परिवारों को कपड़े, बर्तन समेत आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। कृष्णा पासवान ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का प्रशासनिक स्तर पर सर्वे कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को शासन की ओर से नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। ग्रामीणों ने राज्यमंत्री के समक्ष जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा बारिश से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी।

राज्यमंत्री ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अश्वनी पांडेय, सीओ खागा, किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष खागा बृजेश सिंह, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष जुगेश सिंह, विमलेश पांडेय, धर्मेंद्र सिंह परिहार, अनिल त्रिपाठी, ग्राम पंचायत सचिव शिवनंदन सिंह, आकाश, राजस्व लेखपाल सहित ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मौजूद रहे।