नई दिल्ली, एजेंसी। नीट परीक्षा में अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर दिल्ली में निकाले गए ‘चलो संसद मार्च’ के दौरान गिरफ्तार किए गए, हिरासत में लिए गए छात्रों और युवाओं के समर्थन में कांग्रेस पूरी तरह मैदान में उतर गई है। नीट परीक्षा में अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था की खस्ता हालत और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में हुए मार्च के दौरान पुलिस की कार्रवाई, लाठीचार्ज, आंसू गैस और सामूहिक गिरफ्तारियों के बाद कांग्रेस ने मोर्चा संभाल लिया है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ने मंगलवार को घोषणा की कि प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार, घायल या कथित पुलिस अत्याचार का शिकार हुए हर युवा को पार्टी की विशेष कानूनी टीम हरसंभव कानूनी सहायता उपलब्ध कराएगी। एआईसीसी ने स्पष्ट किया कि पार्टी की विशेष लीगल टीम ऐसे सभी प्रभावित युवाओं को बिना किसी शर्त के हरसंभव कानूनी मदद मुहैया कराएगी।
कांग्रेस ने इस मुद्दे को छात्रों के भविष्य से जुड़ा राष्ट्रीय मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने पीड़ित युवाओं और उनके परिवारों से अपील की कि वे तुरंत कांग्रेस की लीगल टीम से संपर्क करें। इसके अलावा कांग्रेस ने एक गूगल फॉर्म का लिंक भी साझा किया है, जिसके जरिए प्रभावित छात्र और युवा सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं।


