नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक में कहा कि केंद्र सरकार छात्रों के साथ खड़ी है और नीट जैसी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होना राष्ट्रीय चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए और इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।

संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सभी प्रमुख दलों के सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक के दौरान संसद के मानसून सत्र की रणनीति, सरकार के विधायी एजेंडे और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही एनडीए के सभी सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय और सदन में एकजुट होकर सरकार का पक्ष रखने पर भी जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में सरकार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बैठक के बाद यह जानकारी दी।

रिजिजू के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने कहा कि नीट पुनर्परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई और छात्रों का भविष्य प्रभावित न हो, इसलिए बिना किसी देरी के परिणाम घोषित किए गए। प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि पेपर लीक की घटना सामने आते ही सरकार ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल लोगों को जेल भेजा गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की गई है।