नई दिल्ली, एजेंसी। संसद का मानसून सत्र खत्म होते ही सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संसद का कामकाज रोकने का आरोप लगाया। संसद का मानसून सत्र गुरुवार को समाप्त हुआ। इसके बाद से सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं ने एक-दूसरे पर संसद नहीं चलने देने के आरोप लगाने शुरू कर दिए हैं।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष पर हमला बोला। पटना से सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, “मानसून सत्र एक नेता के अहंकार, अनुशासनहीनता और उद्दंडता की भेंट चढ़ गया। ये बात मैं पूरी जिम्मेदारी से कह रहा हूं।”
प्रधानमंत्री आवास के गेट पर बैठने का लगाया आरोप
सदन शुरू हुआ तो राहुल गांधी अपनी बहन (सांसद प्रियंका गांधी) के साथ बिना अनुमति लिए प्रधानमंत्री के आवास के गेट पर बैठ गए। भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी कोई साधारण व्यक्ति नहीं हैं। उनके पिता, दादी और परनाना प्रधानमंत्री रहे हैं, इसलिए उन्हें प्रधानमंत्री आवास की पवित्रता के बारे में पता है। उन्हें यह भी मालूम है कि इससे सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
भाजपा नेता ने आगे कहा कि जब गृह सचिव वहां गए और केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह वहां पहुंचे तो बातचीत हुई। उन्होंने कहा कि वे चर्चा के लिए तैयार हैं। जब प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार चर्चा के लिए तैयार है, तो उन्होंने (विपक्ष ने) शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग लिया।
उन्होंने राहुल गांधी पर अपने गोलपोस्ट बदलने का आरोप लगाया।
जिद्दी नेता की वजह से पूरा महीना मजाक बनकर रह गया: गिरिराज
वहीं, भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने भी संसद का कामकाज बाधित होने को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “मैंने सुबह भी यह बात कही थी और अब फिर कह रहा हूं। एक अहंकारी और जिद्दी नेता की वजह से पूरा महीना मजाक बनकर रह गया।”
उन्होंने संसद में बंदर लाने को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “वे संसद में बंदर ला रहे हैं। क्या यह बंदरों की टीम है? क्या वे मनोरंजन करने वाले हैं? कांग्रेस को इतनी गिरावट पर शर्म आनी चाहिए।”
गिरिराज सिंह ने कहा कि कोई भी सांसद मनोरंजन करने वाला नहीं हो सकता, लेकिन कांग्रेस ने संसद में बंदर लाकर सारी हदें पार कर दी हैं।

