नई दिल्ली, एजेंसी। संसद का मानसून सत्र आज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। इसके साथ ही विपक्ष को गृह मंत्री पर निशाना साधने का मौका मिल गया। विपक्ष गृह मंत्री पर सदन से गैरमौजूद रहने का आरोप लगाता रहा और उनसे जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल पूछता रहा। अब प्रियंका ने गृह मंत्री पर निशाना साधा है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने गुरुवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए संसद में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाया। प्रियंका गांधी ने कहा कि गृह मंत्री मानसून सत्र के आखिरी दिन संसद पहुंचे और वह भी सिर्फ वंदे मातरम् गाने के लिए।
विपक्षी दल लगातार संसद से पीएम मोदी और अमित शाह की अनुपस्थिति पर सवाल उठा रहे थे। आज संसद के दोनों सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गए।
मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा, “गृह मंत्री आज आए, लेकिन सिर्फ वंदे मातरम् गाने। पूरा सत्र बीत गया, लेकिन न तो प्रधानमंत्री और न ही गृह मंत्री सदन में उपस्थित रहे। ऐसे में ये लोकतंत्र और संसद कैसे चल सकती है?”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, “वे संसद में आने के लिए तैयार नहीं हैं।”

