मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ मुनक नहर के किनारे छठ घाट और सिंगापुर रोड चौड़ीकरण परियोजना दिल्लीवासियों को समर्पित
नई दिल्ली, एजेंसी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सिंगापुर रोड चौड़ीकरण परियोजना भी दिल्लीवासियों को समर्पित की गई।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह छठ व्रतियों के लिए बड़ा उपहार है। उन्होंने इसे दिल्ली के पूर्वांचली समाज के लिए एक बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मांग को पूरा कर दिल्ली सरकार ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
नितिन नवीन ने कहा कि कल से छठ महापर्व की शुरुआत हो रही है। इस पावन पर्व से पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ व्रतियों, सनातन धर्म के अनुयायियों और पूर्वांचल के लोगों को यह बड़ी सौगात दी है।
उन्होंने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस घाट के निर्माण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर व्यवस्था मिलेगी और उन्हें पहले की तुलना में अधिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
छठ महापर्व को लेकर विशेष तैयारियां
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने इस वर्ष छठ महापर्व के आयोजन को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक परिवार श्रद्धा, सम्मान और सुविधाओं के साथ इस महापर्व को मना सके।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि छठ घाट का विकास पूर्वांचली समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।


