सुधांशु त्रिवेदी बोले—कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं और देश की विभिन्न संस्थाओं पर सवाल उठा रही
आज का चौपाल | नई दिल्ली।
इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को भाजपा सांसद एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार देश की विभिन्न संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती रही है और इससे संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने अब तक देश की कई महत्वपूर्ण संस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने भारतीय सेना, भारतीय वायुसेना, चुनाव आयोग, एलआईसी, एचएएल, एसबीआई, एसबीआई सहित न्यायपालिका और भारतीय मीडिया तक का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से सवाल किया कि आखिर वह लगातार इन संस्थाओं पर आरोप क्यों लगाती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि चुनाव आयोग तक इंडिया गठबंधन के सांसदों के विरोध मार्च का उद्देश्य क्या है। भाजपा सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस और विशेष रूप से राहुल गांधी ने देश की कितनी संस्थाओं पर अब तक आरोप लगाए हैं और इन आरोपों के पीछे उनका उद्देश्य क्या है।
वोटर सूची को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल
सुधांशु त्रिवेदी ने मतदाता सूची से जुड़े कांग्रेस के आरोपों पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को स्पष्ट करना चाहिए कि बिना उचित जांच-पड़ताल के अनुपस्थित, दूसरी जगह चले गए, मृत अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम और मतदान के अधिकार को लेकर लगाए जा रहे आरोपों से आखिर किसे लाभ पहुंचाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर अपनी बात रखनी चाहिए। भाजपा नेता ने कांग्रेस से पूछा कि क्या ऐसे आरोप लगाकर वह किसी विशेष व्यक्ति या समूह को राजनीतिक लाभ पहुंचाना चाहती है।
कांग्रेस पर लोकतंत्र कमजोर करने का आरोप
भाजपा सांसद ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने तथा संवैधानिक संस्थाओं में हस्तक्षेप की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी है, इसलिए उससे अपेक्षा की जाती है कि वह संस्थाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाने से पहले ठोस तथ्य सामने रखे।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भूमिका और जिम्मेदारी को समझना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

