लखनऊ (संवाददाता)। काकोरी ट्रेन एक्शन की 101वीं वर्षगांठ के अवसर पर लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का युवाओं के साथ शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की सादगी, विकास, विरासत और आन-बान-शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि युवा ऊर्जा को उचित मंच मिले तो युवा देश की हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हुए। सीएम योगी ने दोनों डिप्टी सीएम और यूपी भाजपा अध्यक्ष के साथ सेल्फी भी ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा युवा प्रतिभाशाली है और ऊर्जा का प्रतीक है। उसमें देश के सामने आने वाली हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य है। युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता है, ताकि युवा पारंपरिक पाठ्यक्रम के साथ देश और समाज की चुनौतियों से निपटने के लिए खुद को तैयार कर सके।


