चेन्नई, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पुडुचेरी पहुंचे, जहां उन्होंने पुडुचेरी पुलिस को ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ सौंपने के समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान परेड ग्राउंड में उन्हें सलामी दी गई, जिसके बाद उन्होंने इजाजत लेकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लाए गए तीन नए आपराधिक कानून तीन मुख्य स्तंभों—टेक्नोलॉजी, समय-सीमा (टाइमलाइन) और भरोसे (ट्रस्ट)—पर आधारित हैं। इनका मकसद नागरिकों को तेजी से और बेहतर तरीके से न्याय दिलाना है।

उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के अधिक इस्तेमाल तथा जांच और न्यायिक प्रक्रियाओं के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करने से आपराधिक न्याय प्रणाली को अधिक कुशल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने में मदद मिलेगी। न्याय दिलाने की व्यवस्था में जनता का भरोसा कायम करना भी उतना ही जरूरी है।

ये तीन कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम हैं। ये क्रमशः इंडियन पीनल कोड (IPC), कोड ऑफ क्रिमिनल प्रोसीजर (CrPC) और इंडियन एविडेंस एक्ट की जगह लेंगे।

‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ मिलने पर पुडुचेरी पुलिस को बधाई देते हुए गृह मंत्री शाह ने इस सम्मान को किसी भी अनुशासित पुलिस बल के इतिहास के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक बताया।

गृह मंत्री शाह ने कहा कि 5,000 से कम कर्मियों की संख्या होने के बावजूद पुडुचेरी पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और केंद्र शासित प्रदेश तथा वहां के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है। उन्होंने पुडुचेरी की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी जिक्र किया और कहा कि केंद्र शासित प्रदेश की गरिमा और सुरक्षा की रक्षा करने में पुलिस बल की अहम जिम्मेदारी है।

‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ मिलने के साथ पुडुचेरी देश का 18वां राज्य या केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, जिसे यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है। ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ भारत में किसी पुलिस बल को दिया जाने वाला एक बेहद प्रतिष्ठित सम्मान है। यह सम्मान पुलिस संगठन की उत्कृष्ट सेवा, वीरता, अनुशासन और देश-समाज के प्रति समर्पण के लिए प्रदान किया जाता है।

सरल शब्दों में कहें तो ‘प्रेसिडेंट्स पुलिस कलर’ किसी पुलिस बल की गौरवशाली सेवा और उपलब्धियों की आधिकारिक पहचान है। इसे राष्ट्रपति की ओर से प्रदान किए जाने के कारण इसका विशेष महत्व है। इस सम्मान के तहत संबंधित पुलिस बल को ‘कलर’ यानी एक विशेष ध्वज/ध्वजचिह्न प्रदान किया जाता है। यह उस पुलिस संगठन के लिए गौरव का प्रतीक होता है और महत्वपूर्ण औपचारिक अवसरों पर इसे प्रदर्शित किया जाता है।

किसी पुलिस बल को यह सम्मान मिलने का अर्थ है कि उसकी सेवा, पेशेवर दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और उल्लेखनीय उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। पुलिस बल के लिए इसे सर्वोच्च संस्थागत सम्मानों में से एक माना जाता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पुडुचेरी के राज निवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन और अन्य मंत्रियों ने उनका स्वागत किया।