कानपुर, संवाददाता। नरवल थाना क्षेत्र के पाली गांव में बहू के मायके में हुई पंचायत के दौरान 25 लाख रुपये की मांग और अभद्रता से आहत 40 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कानपुर के सरसौल क्षेत्र के नरवल थाना अंतर्गत पाली गांव निवासी अर्चना देवी (40), पत्नी अनिरुद्ध सिंह, के परिवार में पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। मृतका के बेटे लकी सिंह ने बताया कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले जामू गांव निवासी रामराज सिंह की पुत्री मुस्कान सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई थी और तलाक को लेकर भी अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
बताया गया कि 11 अगस्त को मुस्कान अपने मायके चली गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई। करीब चार दिन पहले मुस्कान के परिजनों ने जामू गांव में पंचायत की थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान ससुराल पक्ष से 25 लाख रुपये की मांग की गई और कथित तौर पर गाली-गलौज भी की गई।
परिजनों का आरोप है कि गुरुवार को जामू गांव से एक व्यक्ति दोबारा संदेश लेकर आया। पीड़ित परिवार के अनुसार, बहू की ओर से पहले भी जेवर और 70 हजार रुपये का आईफोन मांगने का दबाव बनाया गया था। आरोप यह भी है कि रुपये नहीं देने पर दहेज और यौन उत्पीड़न के झूठे मुकदमों में पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी गई।
परिजनों के मुताबिक, पंचायत में हुई कथित अभद्रता और लगातार दबाव से अर्चना देवी काफी आहत थीं। इसी परेशानी में उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। परिवार ने मृतका की बहू मुस्कान और उसके परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
नरवल थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


