नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार विमान हादसे की जांच जल्द पूरी कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। अब सवाल यह है कि आखिर विमान हादसे के पीछे क्या वजह थी?
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिवंगत नेता अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण किया। जिला परिषद कार्यालय के प्रवेश द्वार का नाम भी अजित पवार के नाम पर रखा गया है।
वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित इस विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
इस हादसे की जांच में तेजी लाने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट जल्द सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों और आशंकाओं का जवाब मिल सके।
फडणवीस पुणे जिला परिषद (जेडपी) कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जांच में तेजी लाने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि 28 जनवरी को मुंबई से बारामती जा रहा लियरजेट-45 विमान पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे की जांच महाराष्ट्र सीआईडी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) अलग-अलग कर रहे हैं।
फडणवीस ने कहा कि हादसे की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, “आठ से दस महीने बीत चुके हैं और बड़े स्तर पर जांच चल रही है। अलग-अलग देशों की टीमें और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी इसमें मदद कर रही हैं। हालांकि, महाराष्ट्र के आम लोगों के मन में जो भ्रम और आशंकाएं हैं, उनका समाधान होना चाहिए। जांच रिपोर्ट जल्द से जल्द सामने आनी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने स्वयं अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जांच प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा, “लोग जानना चाहते हैं कि आखिर हुआ क्या था? क्या यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह थी? अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। और अगर यह दुर्घटना थी, तो कम से कम आम लोगों के मन में उठ रहे सवालों और उनकी पीड़ा का समाधान होना चाहिए।”
