नई दिल्ली। नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस की अगुवाई में विपक्ष ने बुधवार को राज्यसभा में जोरदार हंगामा किया।
संसद के मानसून सत्र का बुधवार को तीसरा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। लगातार विरोध-प्रदर्शन के चलते राज्यसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 3 बजे तक और बाद में अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दो टूक कहा कि जब तक सरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा नहीं लेती, तब तक सदन में कोई चर्चा नहीं होगी। उन्होंने शिक्षा मंत्री के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए विपक्ष के विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व किया।
खड़गे ने कहा, “जब तक शिक्षा मंत्री पद नहीं छोड़ते, तब तक सदन में कोई बहस या चर्चा नहीं होने दी जाएगी।” उन्होंने नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं और उसके बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया।
हंगामे के दौरान खड़गे ने कहा, “नीट मामले पर निष्पक्ष चर्चा तभी होगी, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देंगे।”
उधर, विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि सरकार चर्चा से पीछे नहीं हट रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार नीट-यूजी परीक्षा में कथित अनियमितताओं से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है।
नड्डा ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “इंडिया गठबंधन का व्यवहार बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। संसद में लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय मर्यादा का उल्लंघन किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। हमारी सरकार नीट पेपर लीक और उससे जुड़े सभी मामलों पर भी चर्चा चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है और हमेशा जनता के हित में निर्णय लेती है।”
इस बीच राज्यसभा में लगातार हंगामे के कारण कार्यवाही पहले दोपहर 3 बजे तक और बाद में पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में काले कपड़े पहनकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहे।


