नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए जरूरी है कि देश का युवा तन-मन से स्वस्थ हो और आत्मविश्वास से भरपूर हो। साथ ही, ड्रग्स जैसी घातक आदत से हमेशा दूर रहे। यही इस अभियान का उद्देश्य है। हम सबको यह संकल्प लेना है कि हमारे युवा नशे और ड्रग्स के खतरों को समझें और हर तरह से जागरूक रहें।

प्रधानमंत्री ने कहा, “कुछ काम ऐसे होते हैं, जो व्यक्ति अकेले करता है तो कभी-कभी निराश हो जाता है, थकान महसूस करता है और लंबी दूरी तय करने का मन नहीं होता। लेकिन जब वही प्रयास सामूहिक अभियान बन जाता है और करोड़ों लोग कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ते हैं, तो व्यक्तिगत रूप से जो संभव नहीं लगता, वह भी संभव हो जाता है। आज यह अभियान हर युवा के मन को छूने वाला है।”

उन्होंने कहा, “आने वाले 100 रविवार ‘नशा मुक्त भारत’ की दिशा में 100 मजबूत कदम होंगे। आज हजारों स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के लाखों विद्यार्थी इस कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े हैं। समाज का सहयोग, योग और ध्यान की ताकत नशे के खिलाफ हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। आज हमारे पास नशा छोड़ने के लिए पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) केंद्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स के खिलाफ अभियान में सरकार पूरी मजबूती से युवाओं के साथ खड़ी है। देश में नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। पहले की तुलना में कई गुना अधिक गिरफ्तारियां हुई हैं और हजारों करोड़ रुपये की ड्रग्स जब्त की गई हैं। यह दर्शाता है कि सरकार नशे के खिलाफ कितनी सख्त है।

उन्होंने आगे कहा, “आप भारत की अमृत पीढ़ी हैं। अगले 20-25 वर्षों में आप अपने जीवन को दिशा देंगे और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सबसे बड़ी भूमिका निभाएंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा इस अभियान से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “आज हम जिस अभियान के साक्षी बन रहे हैं, वह व्यक्ति, परिवार, समाज और सबसे बढ़कर राष्ट्र के लिए है। ‘विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत ‘नशा मुक्त युवा’ इस आंदोलन का नाम ही इसके उद्देश्य को स्पष्ट करता है।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुश्मन देश भारत में ड्रग्स भेजकर और युवाओं को निशाना बनाकर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अवैध ड्रग्स के कारोबार को दुश्मन देशों के आतंकी एजेंडे का हिस्सा बताया।