देहरादून, एजेंसी। रुद्रपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे रविवार को पार्टी की अहम बैठक में शामिल हुए। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ सभी जिलाध्यक्ष, विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व सांसद मौजूद रहे। खड़गे के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।

बैठक में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की नीतियों के खिलाफ जनांदोलन की रणनीति पर मंथन किया गया। खड़गे ने जिलावार संगठन की स्थिति की समीक्षा कर कमजोर क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे।

करीब एक घंटे की बैठक के बाद खड़गे पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना हो गए। राज्य चुनावों से पहले राज्य के दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “मैं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष हूं। मैं हर दिन यहां नहीं आ सकता, लेकिन हमारी टीम यहां मौजूद है। क्या पीएम मोदी हर दिन यहां आते हैं? क्या अमित शाह यहां आते हैं? क्या नड्डा, जो इसी इलाके से आते हैं, यहां आते हैं? क्या नए भाजपा अध्यक्ष यहां आते हैं?”