बच्चों का इलाज कराने पहुंचे थे पूर्व सांसद, पर्चा बनवाने के दौरान सुरक्षा गार्ड से विवाद

कानपुर देहात, संवाददाता।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय परिसर में बुधवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी और अस्पताल के सुरक्षा गार्ड के बीच नोकझोंक हो गई। विवाद के बाद पूर्व सांसद ने अस्पताल परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, पूर्व सांसद अनिल शुक्ल वारसी बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपने बच्चों का इलाज कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। बताया गया कि बच्चों का पर्चा बनवाने के लिए लाइन में लगने के दौरान उनकी अस्पताल के सुरक्षा गार्ड दिनेश कुमार से नोकझोंक हो गई।

पूर्व सांसद ने सुरक्षा गार्ड पर अभद्रता और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अस्पताल परिसर में उनके साथ उचित व्यवहार नहीं किया गया। घटना से नाराज होकर उन्होंने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया और संबंधित सुरक्षा गार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले की जानकारी मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार, एसीएमओ एसएल वर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूर्व सांसद से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ जुट गई।

वहीं, सुरक्षा गार्ड की ओर से भी पूर्व सांसद पर उसके साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया। दोनों पक्षों के बीच हुई नोकझोंक के बाद स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया।

पूर्व सांसद ने मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए शासन स्तर पर शिकायत करने की बात कही। उनका आरोप है कि अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अंबरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। विवाद के बाद संबंधित सुरक्षा गार्ड को वहां से हटा दिया गया है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।