कानपुर। नेपाल की बाढ़ में लापता हुए श्यामनगर के एक परिवार के तीन लोगों का अभी तक पता नहीं चल सका है। बुजुर्ग माता-पिता दिल के मरीज हैं। 25 अगस्त को आखिरी बार उनसे बात हुई थी। नेपाल में लापता मूल रूप से श्यामनगर निवासी और अमेरिकी नागरिक पंकज मिश्रा, उनकी पत्नी रागिनी मिश्रा और उनके छोटे भाई की पत्नी पूनम मिश्रा का अभी तक पता नहीं चल सका है।
बेटे-बहू के लापता होने की खबर अभी बुजुर्ग माता-पिता को इसलिए नहीं दी गई है, क्योंकि दोनों दिल के मरीज हैं। साथ ही अखबार और टीवी का कनेक्शन भी कटवा दिया गया है, ताकि उन्हें किसी तरह इस बात की जानकारी न हो सके।
श्यामनगर के ई-ब्लॉक निवासी राजेंद्र मिश्रा रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी हैं। उनके परिवार में पत्नी सुमन मिश्रा और तीन बेटे पंकज मिश्रा, धीरज मिश्रा और अनुज मिश्रा हैं।
पंकज अपनी पत्नी रागिनी मिश्रा और बेटे अरमान के साथ अमेरिका में रहते हैं। उनके साथ छोटे भाई धीरज मिश्रा, उनकी पत्नी पूनम मिश्रा, बेटे ध्रुव और बेटी मानसी भी रहते हैं। पंकज और उनके भाई धीरज, धीरज की पत्नी पूनम मिश्रा सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। पंकज की पत्नी रागिनी मिश्रा सरकारी शिक्षिका हैं। सभी लोग वहीं के नागरिक हैं।
बीते 20 अगस्त को सभी लोग अमेरिका से फ्लाइट से दिल्ली आए थे और दिल्ली से कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने के लिए काठमांडू के लिए निकले थे। इससे पहले उन्होंने नेपाल में पशुपतिनाथ के दर्शन किए थे। उनके साथ कुल 31 लोग थे, जिनमें 26 पर्यटक और पांच लोग गाइड के तौर पर शामिल थे।
श्यामनगर में रहने वाले सबसे छोटे भाई डॉ. अनुज मिश्रा ने बताया कि आखिरी बार 25 अगस्त को उनकी भाई पंकज से बात हुई थी। इसके बाद से तीनों अभी भी लापता हैं। लगातार फोन मिलाने के बाद भी उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। नेपाल में आई त्रासदी के बाद से घरवाले लगातार बेचैन हैं। वे नेपाल के पीएमओ से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं।
माता-पिता से फोन पर संपर्क न होने का बहाना
भाई अनुज ने बताया कि उनके पिता राजेंद्र और मां सुमन दोनों हृदय रोगी हैं। नेपाल में आई त्रासदी के बाद से वे लगातार बेटे और बहू के लिए परेशान हैं। घरवाले लगातार उनसे बात करने के लिए कह रहे हैं, लेकिन उनके बार-बार पूछने पर परिजन फोन पर संपर्क न होने का बहाना बना रहे हैं।
परिजन ने घर में आने वाले अखबार को बंद करा दिया है। साथ ही टीवी का कनेक्शन भी कटवा दिया गया है।
भाई बोले—दोनों के लापता होने से मन बेचैन
पीरोड में रहने वाले रागिनी मिश्रा के भाई प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि रक्षाबंधन पर हर साल उनकी बहन राखी भेजती थी। इस बार भी राखी भेजी थी, लेकिन बहन, बहनोई और उनकी देवरानी के लापता होने से पूरा परिवार बेहद बेचैन है।
