मुंबई (एजेंसी)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर महिला सशक्तीकरण के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मंच से महिलाओं के अधिकार और पितृसत्ता के खिलाफ बोलते हैं, लेकिन संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करते हैं। फडणवीस ने कांग्रेस को दिशाहीन पार्टी बताते हुए भी निशाना साधा।

सीएम फडणवीस ने रविवार को नागपुर में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी के पुणे में छात्राओं के साथ हुए संवाद का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को पहले भाजपा नेता चित्रा वाघ के उस सवाल का जवाब देना चाहिए, जिसमें उनसे पूछा गया है कि वह महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन क्यों नहीं करते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी पुणे आकर महिलाओं के अधिकारों और सशक्तीकरण की बात करते हैं, लेकिन जिस विधेयक के जरिये महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व मिल सकता है, उसका विरोध करते हैं। फडणवीस ने इसे राहुल गांधी का “पाखंडी रवैया” बताया।

उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक व्यवस्था में संसद सबसे महत्वपूर्ण संस्थाओं में से एक है।