लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश में कोटेदारों के फीडबैक की निगरानी अब ई-पॉस से होगी। इसके शुभारंभ पर सीएम योगी ने कहा कि पहले ‘कोटेदार’ शब्द से ही लोगों को चिढ़ होती थी, लेकिन अब बदलाव आया है।

राजधानी लखनऊ में सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। इस मौके पर सीएम ने बटन दबाकर उत्तर प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में हुई वृद्धि (90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति क्विंटल) का उपहार दिया।

उन्होंने कहा कि मार्जिन मनी में 35 रुपये की वृद्धि (10 रुपये केंद्र सरकार और 25 रुपये राज्य सरकार) से आपने लंबी छलांग लगाई है। हमने 25 रुपये और बढ़ाने के लिए भारत सरकार को पत्र लिखा है।