लखनऊ (एजेंसी):
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) को स्पेस डॉकिंग हासिल करने पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह इसरो के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है और भारत के लिए गर्व का क्षण है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “इस उपलब्धि के साथ टीम इसरो स्पेस डॉकिंग हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। यह हमारी अंतरिक्ष क्षमताओं की दिशा में एक लंबी छलांग है। स्पेस डॉकिंग प्रक्रिया को काफी सतर्कता के साथ लॉन्च किया गया और यह भारत के लिए मील का पत्थर साबित हुई है।”

उन्होंने इसरो के वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके समर्पण और त्याग से संभव हो पाई है। सीएम ने लिखा, “यह उनकी विशेषज्ञता को प्रदर्शित करता है। यह भारत के लिए गौरव का क्षण है। जय हिंद!”

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले दशक में स्पेस टेक्नोलॉजी में अद्वितीय उपलब्धियां देखी हैं। भारत ने ग्रहों के बीच अनुसंधान, रिकॉर्ड तोड़ने वाले उपग्रहों के लॉन्च और अब स्पेस डॉकिंग जैसी ऐतिहासिक सफलता हासिल कर अंतरिक्ष अनुसंधान को एक नई दिशा दी है।